चम्बा, मंजूर पठान -:हिमाचल प्रदेश हज कमेटी के चेयरमैन दिलदार अली बट्ट ने केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरण रिजिजू से नई दिल्ली में हुई मुलाकात के बाद चुराह विधानसभा क्षेत्र में पत्रकारों को संबोधित करते हुए मुलाकात के प्रमुख बिंदुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा गया है।
बट्ट ने कहा कि अल्पसंख्यक छात्रों के लिए संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं को पुनः बहाल करने की मांग की गई है ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकें।उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में दो नए हज हाउस स्थापित करने का प्रस्ताव भी केंद्र सरकार के समक्ष रखा गया है। इनमें एक हज हाउस शिमला और दूसरा चंबा में बनाए जाने का सुझाव दिया गया है। इसके अतिरिक्त चंबा जिले में पासपोर्ट सेवा केंद्र या पासपोर्ट कार्यालय खोले जाने की मांग भी उठाई गई है, जिससे स्थानीय लोगों को पासपोर्ट संबंधी कार्यों के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में न जाना पड़े।
दिलदार अली बट्ट ने कहा कि चंबा जिला रोजगार के क्षेत्र में भी विशेष ध्यान की मांग करता है। इसी को देखते हुए केंद्रीय मंत्री से जिले में एक बड़े उद्योग की स्थापना करवाने का आग्रह किया गया है, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें और क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिले। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना है और आश्वासन दिया है कि संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा के बाद आवश्यक धनराशि स्वीकृत करने तथा आगामी कार्रवाई सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे। बट्ट ने उम्मीद जताई कि इन मांगों पर जल्द सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।
