मंडी,धर्मवीर -: हिमाचल प्रदेश राजकीय महाविद्यालय शिक्षक संघ की वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी इकाई ने महाविद्यालय परिसर में मीटिंग का आयोजन किया गया । बैठक के दौरान प्रशासनिक स्तर पर हो रही निरंतर देरी के प्रति बढ़ते असंतोष और शांतिपूर्ण विरोध को व्यक्त करने के लिए सभी सहभागी शिक्षकों ने अपने बाजुओं पर काली पट्टियाँ बांधीं। इनकी मांगे हैं कि सभी पात्र महाविद्यालय शिक्षकों के लिए विभागीय पदोन्नति समिति की तत्काल बैठक आयोजित करने और कर्मचारियों एवं शिक्षकों के लंबित महंगाई भत्ता एरियर का शीघ्र भुगतान किया जाए।
राज्य अध्यक्षा डॉ बनीता सकलानी ने कहा कि कर्मचारियों और शिक्षकों के महंगाई भत्ते के लंबित एरियर का भुगतान अब तक नहीं किया गया है, जिससे उनमें व्यापक असंतोष व्याप्त है। उन्होंने राज्य सरकार से इस लंबित वित्तीय देयता का शीघ्र निपटारा करने का आग्रह किया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग एवं राज्य सरकार से मांग की है कि सभी पात्र महाविद्यालय शिक्षकों की डीपीसी बिना किसी और विलंब के तत्काल आयोजित की जाए।साथ ही लंबित डीए एरियर का भुगतान भी शीघ्र किया जाए।एचजीसीटीए इकाई ने चेतावनी दी कि यदि राज्य सरकार एवं शिक्षा विभाग इन न्यायोचित मांगों की निरंतर अनदेखी करते रहे, तो संगठन अपने लोकतांत्रिक आंदोलन को और अधिक व्यापक करने के लिए बाध्य होगा।
