बिलासपुर, सुभाष-:अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, बढ़ते नशे के कारोबार, बेरोजगारी, जर्जर सड़कों और शिक्षा व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि छात्रहित और जनहित से जुड़े मुद्दों पर जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो पूरे प्रदेश में व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।
बिलासपुर के सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए एबीवीपी के प्रदेश सह मंत्री विशाल ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अव्यवस्था का माहौल है, जो सरकार की नीतियों और प्रशासनिक व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है, महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता बढ़ रही है, युवाओं में नशे की प्रवृत्ति फैल रही है और रोजगार के पर्याप्त अवसर न मिलने से युवा निराश हैं। इसके अलावा प्रदेश की कई सड़कों की बदहाल स्थिति आम जनता के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।विशाल ठाकुर ने बताया कि 25 और 26 जुलाई को ऊना में एबीवीपी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यकारिणी बैठक सफलतापूर्वक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामाजिक, शैक्षणिक तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान सर्वसम्मति से दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए, जिनमें पहला प्रदेश के वर्तमान शैक्षणिक परिदृश्य और दूसरा प्रदेश की समग्र वर्तमान स्थिति से संबंधित था।
उन्होंने कहा कि परिषद ने सरकार को स्पष्ट संदेश दिया है कि यदि छात्रों और आम जनता से जुड़े मुद्दों का समय रहते समाधान नहीं किया गया तो प्रदेशभर में धरना-प्रदर्शन और जनआंदोलन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे किसी भी आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।
