बिलासपुर | विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी में सावन माह के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी बीच मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की एक इनोवा कार हादसे का शिकार हो गई। गनीमत रही कि वाहन में सवार सभी श्रद्धालु सुरक्षित बच गए और किसी प्रकार का बड़ा जानी नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार पंजाब से आए श्रद्धालु माता श्री नैना देवी के दर्शन करने के बाद देर रात अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बड़े मोड़ के समीप उनकी इनोवा कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां सड़क का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त है। वाहन के नियंत्रण से बाहर होने के बाद कार काफी नीचे खाई की ओर लुढ़क गई।
हादसे के समय वाहन में करीब पांच से छह श्रद्धालु सवार थे। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और अन्य श्रद्धालुओं ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों की मदद की। सभी श्रद्धालुओं को मामूली चोटें आई हैं, जबकि किसी की हालत गंभीर नहीं बताई गई।
हालांकि हादसे में वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है। दुर्घटनाग्रस्त इनोवा को निकालने के लिए क्रेन की सहायता ली जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ भी जुट गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि माता रानी की कृपा से बड़ा हादसा टल गया और वाहन में सवार सभी श्रद्धालुओं की जान बच गई। वहीं प्रशासन और स्थानीय लोग श्रद्धालुओं से पहाड़ी मार्गों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील कर रहे हैं।
