राहुल चावला, धर्मशाला -:धर्मशाला के ऐतिहासिक कॉलेज ने अपने शताब्दी वर्ष समारोह की औपचारिक शुरुआत पौधारोपण अभियान के साथ कर दी है। वर्ष 1926 में स्थापित इस प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पूरे साल सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक और जनहित से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों का उद्देश्य पूर्व छात्रों को अपने संस्थान से जोड़ना, वर्तमान विद्यार्थियों को प्रेरित करना और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना है।
कॉलेज की ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन (ओएसए) ने शताब्दी वर्ष के लिए विस्तृत वार्षिक कैलेंडर तैयार किया है। इसकी शुरुआत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाले पौधारोपण अभियान से की गई। इस अवसर पर धर्मशाला नगर निगम के पूर्व मेयर एवं कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी ने भी भाग लिया और इसे पूरे शहर के लिए गर्व का अवसर बताया।देवेंद्र जग्गी ने कहा कि कॉलेज ने पिछले सौ वर्षों में हजारों विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान की है, जिन्होंने देश और विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर, वैज्ञानिक, सेना के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशासनिक सेवाओं से जुड़े अधिकारी, शिक्षाविद और कॉरपोरेट जगत के विशेषज्ञ जैसे अनेक पूर्व छात्र समय-समय पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर अपने अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा करेंगे। इससे युवाओं को अपने करियर और जीवन में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी।उन्होंने बताया कि शताब्दी वर्ष के दौरान रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर, करियर काउंसिलिंग सत्र, प्रेरक व्याख्यान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, सामाजिक जागरूकता अभियान और विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कॉलेज प्रशासन भी ओएसए के सहयोग से अलग-अलग स्तर पर विशेष गतिविधियों का आयोजन करेगा।देवेंद्र जग्गी ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान के लिए सौ वर्ष पूरे करना एक ऐतिहासिक उपलब्धि होती है। यह केवल कॉलेज का ही नहीं, बल्कि पूरे धर्मशाला क्षेत्र के लिए सम्मान और गौरव का विषय है। उन्होंने वर्तमान विद्यार्थियों और हाल ही में कॉलेज से पासआउट हुए युवाओं से इन कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि ऐसे अवसर जीवन में बहुत कम आते हैं और इन्हें यादगार बनाना सभी की जिम्मेदारी है।उन्होंने यह भी बताया कि शताब्दी वर्ष समारोह के समापन अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री को आमंत्रित करने की योजना बनाई जा रही है। समापन समारोह में देश-विदेश से बड़ी संख्या में पूर्व छात्रों के शामिल होने की उम्मीद है, जहां वे अपने अनुभव साझा करने के साथ-साथ कॉलेज के विकास और भविष्य की योजनाओं में भी योगदान देंगे।
