सोलन। समाजसेवा और मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए सोलन के प्रसिद्ध समाजसेवी एवं भारतीय सेना से सेवानिवृत्त पूर्व सैनिक कमल कश्यप ने एक बार फिर सराहनीय पहल की है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छावशा में आयोजित वार्षिक समारोह एवं पारितोषिक वितरण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे कमल कश्यप ने एक जरूरतमंद दिव्यांग महिला की सहायता कर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात एक ऐसी महिला से हुई, जो दोनों पैरों से चलने में असमर्थ है और बैसाखियों के सहारे अपना जीवन व्यतीत कर रही है। महिला की कठिन परिस्थितियों और उपचार की आवश्यकता को देखते हुए कमल कश्यप भावुक हो उठे।उन्होंने मानवीय संवेदना दिखाते हुए महिला के बेहतर उपचार के लिए अपनी ओर से 21,000 रुपये की नकद आर्थिक सहायता प्रदान की। उनकी इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की। कमल कश्यप ने साबित किया कि देश की सेवा करने वाला सैनिक सेवानिवृत्ति के बाद भी समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाता रहता है। उनकी यह मदद जरूरतमंदों के लिए उम्मीद और प्रेरणा का संदेश है।
