राहुल चावला, धर्मशाला-:हिमाचल प्रदेश वूल फेडरेशन के चेयरमैन मनोज ठाकुर ने विधायक सुधीर शर्मा पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर तीखा हमला बोला है। धर्मशाला में पत्रकार वार्ता के दौरान मनोज ठाकुर ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले व्यक्ति से मर्यादित और जिम्मेदार भाषा की अपेक्षा की जाती है।मनोज ठाकुर ने कहा कि सुधीर शर्मा की जिस सौम्य और सभ्य छवि की बात की जाती रही है, वह अब जनता के सामने स्पष्ट हो रही है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सार्वजनिक मंचों पर भाषा की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है।
सुधीर शर्मा की संपत्ति को लेकर उठ रहे सवालों पर मनोज ठाकुर ने कहा कि यदि उनकी संपत्ति पूरी तरह वैध है तो उन्हें जांच एजेंसी का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वैध संपत्ति को लेकर किसी को डरने की जरूरत नहीं है। वहीं, अगर जांच में किसी तरह की अवैध संपत्ति सामने आती है तो कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां अपना काम नियमों के तहत करती हैं और किसी राजनीतिक व्यक्ति की अनुमति लेकर कार्रवाई करना उनकी प्रक्रिया का हिस्सा नहीं है। मनोज ठाकुर ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना नहीं, बल्कि अवैध संपत्ति या अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करना है।मनोज ठाकुर ने भाजपा शासित राज्यों में हुई बुलडोजर कार्रवाई का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई करने में विश्वास रखती है।पत्रकार वार्ता के दौरान मनोज ठाकुर ने गद्दी समुदाय से जुड़े पुराने घटनाक्रम का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस घटना को समुदाय आज तक नहीं भूला है।
