मंडी, धर्मवीर-:प्रदेश सरकार की स्वर्ण जयंती आश्रय योजना गरीब पात्र परिवारों को अपना घर बनाने में मददगार साबित हो रही है। मंडी जिला के जोगिंदर नगर क्षेत्र में वर्ष 2023 से 2026 के दौरान 114 पात्र परिवारों द्वारा इस योजना के तहत अपना पक्का मकान बनाने में मदद मिली है। योजना के तहत प्रति परिवार को डेढ़ लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।
हारगुनैन गांव के लाभार्थी रण सिंह और आरठी गांव निवासी सुखदेव ने बताया कि पहले उनका परिवार कच्चे मकान में रहता था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पक्का घर बनाना संभव नहीं था। स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के तहत मिली डेढ़ लाख रुपये की सहायता से उनका पक्का घर बनने का सपना पूरा हुआ। इसके लिए इन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और प्रदेश सरकार का आभार जताया है।तहसील कल्याण अधिकारी जोगिंदर नगर के अनुसार वर्ष 2023 से 2026 के दौरान कुल 114 लाभार्थियों को योजना का लाभ प्रदान किया गया है। इनमें 109 अनुसूचित जाति, 3 अन्य पिछड़ा वर्ग तथा 2 अनुसूचित जनजाति के परिवार शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का यही प्रयास है कि कोई भी पात्र परिवार अपने घर के सपने से वंचित न रहे और प्रत्येक जरूरतमंद को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिले।
