जोगिन्दरनगर,धर्मवीर -:जोगिन्दरनगर विकास मंच के संस्थापक एवं समाजसेवी कृष्ण कुमार सकलानी को भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ का प्रदेश सह संयोजक नियुक्त किया गया है। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक गोविन्द ठाकुर ने उनकी नियुक्ति के आदेश जारी किए।मूल रूप से मंडी जिला की लडभड़ोल तहसील के खद्दर गांव से संबंध रखने वाले कृष्ण कुमार सकलानी लंबे समय से राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों से जुड़े हुए हैं। सफल उद्यमी के रूप में पहचान बनाने के साथ-साथ उन्होंने विभिन्न सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय योगदान दिया है।
सकलानी द्वारा मंडी जिला में समय-समय पर नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविरों का आयोजन, जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहायता, कोविड-19 महामारी के दौरान जरूरतमंद लोगों को मुफ्त राशन तथा गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग किया गया है। दिल्ली में सक्रिय हिमाचली सामाजिक संस्थाओं के साथ भी उनका जुड़ाव रहा है और वे विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।दिल्ली में कार्यरत कई हिमाचली सामाजिक संस्थाओं ने उनकी नियुक्ति का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि उनके अनुभव और सक्रियता से प्रदेश में भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ को मजबूती मिलेगी।अपनी नियुक्ति पर कृष्ण कुमार सकलानी ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल तथा पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए वे व्यापार प्रकोष्ठ को प्रदेशभर में मजबूत करने के लिए कार्य करेंगे।उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं और मांगों को प्रभावी ढंग से राज्य एवं केंद्र सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। सकलानी ने बताया कि वे शीघ्र ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर व्यापारियों से संवाद स्थापित करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि व्यापारिक समुदाय के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर आगामी चुनावों में शहरी क्षेत्रों में भाजपा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाएगी।
