मनमिंदर अरोड़ा, कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू के ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय समारोह में प्रदेश सरकार के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली।
ध्वजारोहण के बाद उद्योग मंत्री ने विभिन्न सुरक्षा बलों और विभागीय टुकड़ियों की परेड का निरीक्षण किया। समारोह में विभिन्न विभागों की झांकियां प्रस्तुत की गईं, जबकि स्कूली विद्यार्थियों और अन्य कलाकारों ने देशभक्ति एवं हिमाचली संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
समारोह के दौरान समाजसेवा और विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उद्योग मंत्री ने कहा कि देश की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता की रक्षा करना और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभी से प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
इस अवसर पर नगर परिषद कुल्लू की अध्यक्ष आशा ठाकुर और उपाध्यक्ष शालिनी राय भारद्वाज ने भी समारोह में मौजूद लोगों को लड्डू वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सुरक्षा बलों के जवान, विभिन्न विभागों के कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
