हमीरपुर, अरविंद-: उपमंडल नादौन के अंतर्गत नोहंगी स्थित शिव मंदिर में बुधवार देर रात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रात करीब 1:30 बजे चोर मंदिर परिसर में दाखिल हुए और वहां रखे गल्ले को निशाना बनाकर हजारों रुपये की नकदी चोरी कर ली। चोरी के दौरान आसपास के लोगों को भनक लग गई और उनके जागने पर चोर घबराकर मौके से फरार हो गए।
हैरानी की बात यह रही कि जल्दबाजी में भागते समय आरोपी अपनी बाइक और एक पर्स मंदिर परिसर में ही छोड़ गए। घटना की सूचना लोगों ने तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरों ने मंदिर के मुख्य गेट को किसी मजबूत वस्तु की मदद से खोलने के बाद अंदर प्रवेश किया। इसके बाद गल्ले को भी इसी तरह तोड़कर नकदी निकाली गई। वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की तार भी काट दी, ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें।पुलिस ने मौके से बाइक और पर्स सहित अन्य महत्वपूर्ण सुराग कब्जे में लिए हैं। पुलिस का कहना है कि इन सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं और जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।

