Summer express/बिलासपुर, सुभाष-: सदर विधानसभा क्षेत्र की भटोली-मल्यावर सड़क लंबे समय से बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जबकि कई हिस्सों से सड़क की परत पूरी तरह उखड़ चुकी है। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक खराब होने से स्थानीय लोगों, वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।बुधवार को क्षेत्र के प्रभावित लोगों ने पूर्व जिला परिषद सदस्य गौरव शर्मा के नेतृत्व में उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार से मुलाकात कर सड़क की समस्या से अवगत करवाया। उन्होंने उपायुक्त से मांग की कि संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर सड़क की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करवाया जाए और जल्द आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाए।
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की खस्ताहाल स्थिति के कारण दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से सड़क के गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल मरम्मत करवाने की मांग की। साथ ही आवश्यकता के अनुसार सड़क का पूर्ण पुनर्निर्माण करवाकर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने की मांग उठाई।इस मौके पर राकेश राणा, राजकुमार शर्मा, संजीव कुमार वार्ड सदस्य, राज कुमार प्रधान, संजीव कुमार, चमन चंदेल पूर्व उपप्रधान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

