ऊना,राकेश -:भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता प्रो. राम कुमार शर्मा ने पुबोवाल में हाल ही में हुई दो युवाओं की मौत को लेकर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा शनिवार से नशे के खिलाफ अभियान शुरू करेगी, जिसकी शुरुआत हरोली में विरोध प्रदर्शन से की जाएगी।
राम कुमार शर्मा ने कहा कि मृत युवाओं में से एक के भाई की भी पहले कथित तौर पर नशे के कारण मौत हो चुकी थी और अब उसी परिवार के दूसरे बेटे की भी अर्थी उठ गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले चार वर्षों में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान नशे का प्रचलन बढ़ा है और सरकार इस पर अंकुश लगाने में नाकाम रही है।उन्होंने कहा कि इन घटनाओं के लिए सरकार को जवाब देना चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने जांच के दौरान फोन रिकॉर्ड की भी पड़ताल किए जाने की आवश्यकता जताई।भाजपा नेता ने कहा कि वर्ष 2012 से 2017 के दौरान भी नशे के कारण कई लोगों की जान जाने की बात सामने आई थी। उन्होंने सरकारी क्षेत्र में नशा निवारण केंद्र खोले जाने की जरूरत पर भी जोर दिया।राम कुमार शर्मा ने नशे पर प्रभावी रोक लगाने के लिए भाजपा के सांसद खेल कुंभ की तर्ज पर कांग्रेस सरकार से भी व्यापक स्तर पर योजना शुरू करने का सुझाव दिया।
