राहुल चावला, शाहपुर। कांगड़ा जिले के शाहपुर क्षेत्र के भलेड़ में देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों युवक स्थानीय मेले में शामिल होने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे नाले में जा गिरी। हादसे के बाद तीनों युवक लापता हो गए थे और रातभर उनकी तलाश की जाती रही। तलाश के दौरान तीनों के शव नाले से बरामद किए गए।
हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय पंचायत प्रधान ने दरिणी पुलिस चौकी को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने लापता युवकों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद तीनों के शव नाले से बरामद किए गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शाहपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों में एक युवक की उम्र करीब 38 वर्ष, प्रिंस की उम्र 18 वर्ष और पवन कुमार की उम्र करीब 30 वर्ष बताई गई है। उपलब्ध जानकारी में मृतकों के नाम को लेकर कुछ असमंजस है, इसलिए पुलिस की ओर से पूरी पहचान और अन्य विवरण की पुष्टि की जा रही है।
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज और लापरवाही से वाहन चलाना सामने आ रही है। प्रथम दृष्टया बाइक के अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे नाले में गिरने की बात सामने आई है। हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
एसपी ने लोगों से अपील की कि शराब पीकर वाहन चलाने से बचें और तेज रफ्तार तथा लापरवाही से ड्राइविंग न करें। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने और वाहन की नियमित जांच करवाने की सलाह दी गई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नशे में वाहन चलाने के मामलों पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार नाकाबंदी और ट्रैफिक चेकिंग कर रही है।

