ऊना/राकेश -:हरोली कॉलेज का नाम सिमी अग्निहोत्री के नाम पर किए जाने, कॉलेज परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित करने और सरकारी कॉलेज में जन्मदिन समारोह आयोजित किए जाने को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस सरकार पर सवाल उठाए हैं। ऊना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने इन फैसलों पर आपत्ति जताते हुए सरकार से जवाब मांगा।
भाजपा महिला मोर्चा का कहना है कि सरकारी संस्थानों का नामकरण राजनेताओं के परिवार से जुड़े लोगों के नाम पर करने और वहां उनकी प्रतिमाएं स्थापित करने के बजाय प्रेरणादायक ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक व्यक्तित्वों को स्थान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारी संस्थान जनता के टैक्स के पैसे से संचालित होते हैं और कॉलेज परिसर में प्रतिमा लगानी हो तो रानी लक्ष्मीबाई या मां सरस्वती जैसी प्रेरणादायक हस्तियों की प्रतिमा स्थापित की जा सकती है।
महिला मोर्चा ने कांग्रेस पर इन मुद्दों के जरिए जनता का ध्यान भटकाने का आरोप भी लगाया। भाजपा को विकास विरोधी बताए जाने पर उन्होंने पलटवार करते हुए हरोली के बल्क ड्रग पार्क का उल्लेख किया और कहा कि यह क्षेत्र में रोजगार और औद्योगिक विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण परियोजना है। उन्होंने हरोली क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं के तहत सड़क निर्माण कार्यों का भी जिक्र किया।महिला मोर्चा ने कांग्रेस के चुनावी वादों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने के लिए चुनाव से पहले करवाए गए फॉर्म और इस योजना के क्रियान्वयन को लेकर सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक कार्टून के मामले को भी भाजपा महिला मोर्चा ने उठाया। उन्होंने कांग्रेस के एक पदाधिकारी पर प्रधानमंत्री का कार्टून सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगाते हुए पूछा कि इस मामले में अब तक क्या कार्रवाई की गई है। भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस से इन सभी मुद्दों पर जवाब देने की मांग की।

