पांवटा साहिब-: पांवटा साहिब के पुराने यमुना पुल पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दो लोग बुरी तरह फंस गए। मृतकों की पहचान तरसेम नेगी, अमित और सोनू सिवाच के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब 11 बजे हुआ। कमरऊ खजियार निवासी अनिल चौहान अपनी गाड़ी से पुराने यमुना पुल से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने पुल के बीच एक दुर्घटनाग्रस्त कार को देखा।कार का नंबर एचपी-22ई-9005 बताया जा रहा है।अनिल चौहान के अनुसार, वह कार तरसेम नेगी की थी।हादसे के बाद तरसेम नेगी ड्राइविंग सीट पर, अमित अगली सीट पर जबकि सोनू सिवाच पिछली सीट पर घायल अवस्था में मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। सोनू सिवाच को तत्काल उपचार के लिए पांवटा साहिब अस्पताल ले जाया गया।वहीं, कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण तरसेम नेगी और अमित वाहन के अंदर फंस गए थे।पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार की अगली दोनों खिड़कियां खोलकर दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार की ट्राले से टक्कर के बाद यह भीषण हादसा हुआ।

