हमीरपुर, अरविंद-:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रशासनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से हमीरपुर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत गांधी चौक पर विकसित भारत संकल्प सभा एवं ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान दिल्ली में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों ने देखा।कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर, हमीरपुर विधायक आशीष शर्मा, विधायक जीतराम कटवाल, पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री सहित भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रशासनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में विकसित भारत संकल्प सभा और ज्योति यात्रा आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि हमीरपुर में गांधी चौक से ज्योति यात्रा शुरू कर इसे विभिन्न मंडलों तक पहुंचाया जाएगा, जहां कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।राकेश ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निष्काम और निष्पक्ष भाव से देश की सेवा करते हुए भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है। उनके नेतृत्व में भारत दुनिया में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि देश को वर्ष 2047 तक विकसित और समृद्ध राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को लेकर भाजपा कार्यकर्ता लगातार कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की शपथ भी दिलाई गई।हमीरपुर विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि आज का दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक एवं प्रशासनिक सफर में महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत की और इसके बाद लगातार देश और जनता की सेवा में जुटे हुए हैं।आशीष शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में भारत ने आर्थिक और सामरिक क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को समृद्ध और विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं ने मिलकर कार्य करने की शपथ ली है।

