हमीरपुर, अरविंद-। त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ती खरीद-फरोख्त के बीच जीएसटी विभाग ने निगरानी व्यवस्था कड़ी कर दी है। व्यापारियों को जीएसटी नियमों का पालन करने, सामान की खरीद पर पक्का बिल लेने और ग्राहकों को बिल जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों की अनदेखी करने वाले कारोबारियों पर नजर रखने के लिए विभागीय टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं। अब दिन के साथ-साथ रात के समय भी सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
जीएसटी सहायक आयुक्त कुलदीप सिंह जमवाल ने हमीरपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन में कारोबार बढ़ने के कारण विभाग ने जांच और निरीक्षण की गतिविधियां तेज कर दी हैं। विभागीय टीमें फील्ड में तैनात रहकर व्यापारिक गतिविधियों पर नजर रख रही हैं, ताकि जीएसटी नियमों का उचित तरीके से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
पक्का बिल लेना और देना जरूरी
सहायक आयुक्त कुलदीप सिंह जमवाल ने व्यापारियों से अपील की कि वे सामान की खरीदारी चाहे स्थानीय बाजार से करें या दूसरे राज्यों से, हर बार पक्का बिल जरूर लें। उन्होंने कहा कि सामान बेचते समय भी नियमानुसार बिल जारी करना जरूरी है। व्यापारियों को बिना बिल के खरीद-फरोख्त से बचना चाहिए और अपने सभी कारोबारी लेन-देन का उचित रिकॉर्ड रखना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बिल के माध्यम से व्यापारिक लेन-देन में पारदर्शिता बनी रहती है और कर संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करने में मदद मिलती है। ऐसे में व्यापारियों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए जीएसटी के प्रावधानों का पालन करना चाहिए।
जागरूकता सेमिनार भी आयोजित कर रहा विभाग
कुलदीप सिंह जमवाल ने बताया कि जीएसटी विभाग व्यापारियों को नियमों और प्रावधानों की जानकारी देने के लिए समय-समय पर जागरूकता सेमिनार आयोजित करता है। इन कार्यक्रमों में कारोबारियों की शंकाओं का समाधान किया जाता है और उन्हें जीएसटी अनुपालन के प्रति जागरूक किया जाता है।उन्होंने व्यापारियों से विभाग का सहयोग करने और खरीद-बिक्री के दौरान बिल संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की। विभाग का उद्देश्य व्यापारिक गतिविधियों में पारदर्शिता बनाए रखना और जीएसटी नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना है।
