सोलन में आयोजित एक दिवसीय साझेदार कार्यक्रम में 60 से अधिक उद्यमियों ने लिया भाग
सोलन-: उद्योग विभाग द्वारा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के विकास और कार्यक्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रैम्प (RAMP) योजना के अंतर्गत सोलन में एक दिवसीय साझेदार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 60 से अधिक उद्यमियों एवं हितधारकों ने भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, गिफ्ट एंड स्पाइस योजना, गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित तकनीकी समाधानों की जानकारी प्रदान की गई।जिला उद्योग केंद्र सोलन के महाप्रबंधक सुरेंद्र ठाकुर ने उद्यमियों को प्रदेश सरकार द्वारा उद्योगों के विकास एवं प्रोत्साहन के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने उद्यमियों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया। साथ ही, उन्होंने आधुनिक तकनीकों को अपनाकर अपने व्यवसाय की उत्पादकता, कार्यक्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने के लिए भी प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ऋषभ श्याम एवं पुनीत कुमार ने विभिन्न विषयों पर जानकारी साझा की। सत्र के दौरान गिफ्ट एंड स्पाइस योजना के तहत उपलब्ध सहायता एवं अवसरों, गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस पोर्टल पर पंजीकरण और सरकारी खरीद प्रक्रिया में भागीदारी से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
विशेषज्ञों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल समाधानों की मदद से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के कामकाज को अधिक प्रभावी बनाने, उत्पादकता बढ़ाने, ब्रांड का प्रचार करने तथा बाजार तक पहुंच मजबूत करने की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। उद्यमियों को डिजिटल तकनीकों का उपयोग बढ़ाने और उपलब्ध सरकारी सहायता के माध्यम से अपने व्यवसाय का विस्तार करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों की विभिन्न जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने, डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग और व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हिमाचल प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को सरकारी सहायता, डिजिटल व्यापार और आधुनिक तकनीकी समाधानों से जोड़ना तथा उनके सतत विकास एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को सुदृढ़ करना रहा।
l
