वॉर्ड कमेटी, स्वच्छता कमेटी और वन अधिकार कमेटी का किया गया गठन
मंडी, धर्मवीर-: नगर निगम मंडी शहर के विकास में आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष पहल कर रहा है। इसके तहत शहर के विभिन्न वार्डों में वार्ड सभाओं का आयोजन कर अलग-अलग कमेटियों का गठन किया जा रहा है। इसी कड़ी में मेयर सुमन ठाकुर के वार्ड में भी तीन कमेटियां बनाई गई हैं। इनमें वार्ड कमेटी, स्वच्छता कमेटी और वन अधिकार कमेटी शामिल हैं। इन कमेटियों के माध्यम से स्थानीय लोगों की समस्याओं को समझने और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
नगर निगम मंडी की इस पहल का उद्देश्य शहर के विकास में लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। मेयर सुमन ठाकुर ने बताया कि गठित कमेटियों में स्थानीय लोगों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि वार्ड की जरूरतों के अनुरूप योजनाएं तैयार की जा सकें। वार्डवासियों के सुझावों, समस्याओं और आवश्यक विकास कार्यों पर चर्चा कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, जनसमस्याओं के निवारण और लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने में भी ये कमेटियां महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। मेयर ने वार्ड सभा में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों का आभार व्यक्त किया और कहा कि जनता के सहयोग से वार्ड को आदर्श बनाने के प्रयास जारी हैं।नगर निगम द्वारा पूरे मंडी शहर में इस तरह की कमेटियों का गठन किया जा रहा है, ताकि विकास कार्यों में पारदर्शिता बढ़े और स्थानीय जरूरतों के अनुसार योजनाओं को आगे बढ़ाया जा सके।

