हमीरपुर, अरविंद-:जिला हमीरपुर के जटेहड़ी गांव में आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ ये पशु अब सड़क हादसों का भी कारण बन रहे हैं। समस्या से निजात दिलाने की मांग को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों ने प्रधान रविंदर कुमार की अध्यक्षता में एसडीएम हमीरपुर को ज्ञापन सौंपा।ग्राम पंचायत प्रधान रविंदर कुमार ने बताया कि ग्रामीण हजारों रुपये खर्च कर खेतों में फसलें उगाते हैं, लेकिन आवारा पशु खेतों में घुसकर पूरी मेहनत पर पानी फेर रहे हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं के कारण कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिससे लोगों की जान को खतरा बना हुआ है।
वहीं, गांव की पंच मीना ने कहा कि आवारा पशुओं की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। इनकी वजह से बुजुर्गों और बच्चों को घरों से बाहर निकलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इन पशुओं को जल्द किसी उचित स्थान पर शिफ्ट किया जाए, ताकि ग्रामीणों को इस समस्या से राहत मिल सके।ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द उचित कदम उठाने की मांग की है, ताकि किसानों की फसलों को बचाने के साथ-साथ सड़क हादसों पर भी अंकुश लगाया जा सके।
