राहुल चावला, धर्मशाला-: एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष वीर सिंह ने हिमाचल प्रदेश में छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि छात्र संघ चुनाव युवाओं को राजनीति में आगे बढ़ने का मंच प्रदान करते हैं। छात्र राजनीति से निकलकर कई युवा नेता आज विधानसभा तक पहुंचे हैं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे हैं। ऐसे में प्रदेश के शिक्षण संस्थानों में छात्र संघ चुनावों की बहाली बेहद जरूरी है।
प्रेस वार्ता के दौरान वीर सिंह ने कहा कि वह पिछले दस वर्षों से छात्र राजनीति में सक्रिय हैं। एनएसयूआई की नई कार्यकारिणी में चुनाव प्रक्रिया के माध्यम से आम परिवारों से जुड़े युवाओं को आगे आने का अवसर मिला है। उन्होंने संगठन का आभार जताते हुए कहा कि इससे युवाओं में नया उत्साह और ऊर्जा पैदा हुई है।उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्र संघ चुनाव बहाली का मुद्दा मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा। इसके लिए एनएसयूआई मीडिया, बैठकों और सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान चलाएगी। उन्हें उम्मीद है कि प्रदेश सरकार भी इस मांग की गंभीरता को समझते हुए सकारात्मक निर्णय लेगी।केंद्रीय विश्वविद्यालय में एनएसयूआई की कमजोर स्थिति से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि संगठन का विस्तार निरंतर जारी है। जहां संगठन की स्थिति कमजोर है, वहां कमियों को स्वीकार कर मजबूती के लिए काम किया जा रहा है।
