राहुल गांधी चुनावी हार से हताश, अराजकता फैलाकर सत्ता हासिल करने का देख रहे सपना : जयराम ठाकुर
शिमला-: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देशभर में लगातार मिल रही चुनावी हार से राहुल गांधी और कांग्रेस के नेता हताशा में अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना कांग्रेस की इसी निराशा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी से शुरू हुई मर्यादाओं को लांघने की राजनीति अब पूरी कांग्रेस पार्टी में फैल गई है। देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सम्मान करती है और उनके अपमान का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।
शिमला के चौड़ा मैदान में संविधान बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चुनाव आयोग के खिलाफ वोट चोरी के आरोप लगाकर प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि उनकी अपनी सरकार गारंटियों के नाम पर जनता को गुमराह करके सत्ता में आई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस चुनाव आयोग की व्यवस्था के तहत कांग्रेस ने चुनाव लड़ा और सरकार बनाई, आज उसी पर सवाल उठाने का क्या औचित्य है? यदि मुख्यमंत्री को आयोग के खिलाफ धरना देना है तो उन्हें पहले अपने पद से इस्तीफा देकर ऐसा करना चाहिए।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल प्रदेश के विकास और जनहित के बजाय राजनीतिक अराजकता फैलाने के लिए कर रहे हैं। राहुल गांधी को खुश करने के लिए प्रदेश की कांग्रेस सरकार इस तरह की गतिविधियों में जुटी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के संसाधनों का उपयोग जनता की समस्याओं के समाधान, विकास कार्यों और जनकल्याण के लिए होना चाहिए, न कि राजनीतिक स्वार्थों की पूर्ति के लिए।नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस के वोट चोरी के आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्ष 1967 से कांग्रेस देश के अलग-अलग राज्यों में लगातार अपना जनाधार खोती रही है। पश्चिम बंगाल में 1977, उत्तर प्रदेश में 1989, बिहार में 1990, गुजरात में 1995 और ओडिशा में 1999 से कांग्रेस सत्ता से बाहर होती चली गई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब जनता कांग्रेस को लगातार नकार रही है तो पार्टी बताए कि उसका वोट आखिर चोरी कैसे हो रहा है?
जयराम ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी और उनके सहयोगी विदेशी समर्थन के सहारे देश में अस्थिरता का माहौल बनाने का सपना देख रहे हैं, लेकिन भारत की एकता और अखंडता को कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकता। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश मजबूत स्थिति में है। कांग्रेस चाहे जितने आरोप लगाए, जनता का विश्वास प्रधानमंत्री के साथ है। राहुल गांधी चुनावी हार की सेंचुरी लगाने की ओर बढ़ रहे हैं, लेकिन उन्हें सत्ता लोकतांत्रिक चुनावों से ही मिलेगी, अराजकता फैलाकर नहीं। देश में किसी कथित रेजीम चेंज की संभावना नहीं है और नरेंद्र मोदी बार-बार जनता का समर्थन हासिल करते रहेंगे।
