संजीव महाजन | नूरपुर-:पुलिस जिला नूरपुर के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग के जिला ऊना के पुलिस थाना भरवाईं में तैनात उप निरीक्षक स्वर्गीय राजेश कुमार के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।दिवंगत अधिकारी की स्मृति में पुलिस पोस्ट नगरोटा सूरियां के अंतर्गत उनके आवासीय परिसर में शोक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस जिला नूरपुर के विभिन्न रैंकों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपस्थित होकर शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
शोक सभा में उपस्थित पुलिस कर्मियों ने स्वर्गीय राजेश कुमार के सेवाकाल को याद करते हुए उनकी कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, समर्पण और पुलिस विभाग के प्रति उनके योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया। उन्होंने कहा कि राजेश कुमार का आकस्मिक निधन पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है।पुलिस जिला नूरपुर ने शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की। साथ ही ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की।
