पालमपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के पालमपुर में दीपावली से पहले इलेक्ट्रॉनिक दीयों के कारण एक मकान में आग लगने की घटना सामने आई है। नगर निगम के वार्ड नंबर तीन में पुलिस थाने के पास स्थित मकान की पहली मंजिल पर लगी आग ने देखते ही देखते ड्राइंग रूम सहित अन्य कमरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग दीवार पर लगाए गए इलेक्ट्रॉनिक दीयों से 3डी पीवीसी पैनल में लगी और फिर छत तक फैल गई। अग्निशमन विभाग की टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में लगभग 15 लाख रुपये की संपत्ति जलने का अनुमान है, जबकि दमकल कर्मियों ने 50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति को सुरक्षित बचा लिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 8:15 बजे वार्ड नंबर तीन निवासी धीरज खन्ना पुत्र यशपाल सिंह के मकान की पहली मंजिल पर बने ड्राइंग रूम में अचानक आग भड़क उठी। बताया जा रहा है कि दीवार पर जलाए गए इलेक्ट्रॉनिक दीयों से आग 3डी पीवीसी दीवार में लगी और देखते ही देखते छत पर लगे पीवीसी पैनल तक पहुंच गई। इसके बाद आग ने कमरे में रखे सोफा और टेबल को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में लपटें पहली मंजिल के अन्य हिस्सों और साथ लगते कमरों तक फैल गईं।
धीरज खन्ना ने बताया कि घटना के समय वह अपने परिवार के साथ पास वाले कमरे में बैठे हुए थे। इसी दौरान करीब एक महीने पहले तैयार किए गए ड्राइंग रूम से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। जब वह कमरे की ओर पहुंचे तो वहां धुआं भरा हुआ था और कुछ भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था। उन्होंने सबसे पहले परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला और फिर आसपास के लोगों को घटना की सूचना दी। तब तक आग पहली मंजिल के कुछ हिस्सों में फैल चुकी थी।
अग्निशमन विभाग को रात करीब 8:40 बजे आग लगने की सूचना मिली। लीडिंग फायरमैन उमेश कुमार के नेतृत्व में तीन फायरमैन और एक चालक एएफटी फायर वाहन के साथ करीब नौ बजे घटनास्थल पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया और लगभग एक घंटे में उस पर काबू पा लिया। पास में स्थित पुलिस थाने और पुलिस आवास से भी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।
पालमपुर अग्निशमन केंद्र के अग्निशमन अधिकारी सुरिंद्र कुमार ने बताया कि आग से करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है, जबकि विभाग की त्वरित कार्रवाई से 50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति बचा ली गई। घटना की सूचना मिलने पर वार्ड नंबर तीन की पार्षद रणजीत कौर और पूर्व पार्षद दिलबाग सिंह भी मौके पर पहुंचे। दीपावली के दौरान इलेक्ट्रॉनिक दीयों और सजावटी उपकरणों का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
