नूरपुर, संजीव-नशे के बढ़ते खतरे के खिलाफ आइडिया ऑफ भारत फाउंडेशन ने अपनी मुहिम तेज कर दी है। चिट्टा मुक्त-नशा मुक्त नूरपुर के संकल्प के साथ फाउंडेशन की टीम क्षेत्र की 52 पंचायतों को जागरूक करने के लक्ष्य पर आगे बढ़ रही है। इसी कड़ी में अभियान 36वीं पंचायत तक पहुंच चुका है, जहां घर-घर जाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों से संवाद कर नशे के खिलाफ सामूहिक लड़ाई का आह्वान किया जा रहा है। पंचायत प्रधान सपना और आइडिया ऑफ भारत फाउंडेशन के अध्यक्ष राहुल शर्मा ने बातचीत में कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई को खत्म करने के लिए सरकार और प्रशासन अपने स्तर पर कार्य कर रहे हैं, वहीं सामाजिक संस्थाएं भी अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं।राहुल शर्मा ने कहा कि केवल सरकार, प्रशासन और संस्थाओं के प्रयासों से यह अभियान पूरी तरह सफल नहीं हो सकता। इसके लिए आमजन की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। अभिभावकों, युवाओं, पंचायत प्रतिनिधियों और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आकर नशे के खिलाफ आवाज बुलंद करनी होगी।उन्होंने लोगों से नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ एकजुट होने और युवाओं को इस दलदल से बचाने की अपील की। फाउंडेशन का लक्ष्य सभी 52 पंचायतों तक पहुंचकर जनजागरूकता की अलख जगाना और सामूहिक प्रयासों से नूरपुर को नशामुक्त बनाना है।
