शिमला, संजू। घणाहट्टी में पुराने बाजार और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की ओर जाने वाले पारंपरिक पैदल रास्ते को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। रास्ते पर अवरोध और अधूरे निर्माण के चलते स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है। मामले को लेकर ग्राम पंचायत घणाहट्टी ने एसडीएम शिमला ग्रामीण को शिकायत सौंपकर प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप करने की मांग की है।
ग्राम पंचायत प्रधान रोशन लाल ठाकुर ने बताया कि संबंधित रास्ता राजाओं के समय से इस्तेमाल में है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी और स्थानीय लोग इसी रास्ते से आवाजाही करते हैं। इसके अलावा रास्ते के समीप पंजाब नेशनल बैंक होने के कारण यहां लोगों की आवाजाही भी काफी रहती है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के बीच पैदल चलने वालों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है।उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर सुरक्षा दीवार के साथ सीढ़ियों का निर्माण करवाया गया है, लेकिन अभी छह सीढ़ियों का काम अधूरा पड़ा है। पंचायत का आरोप है कि कुछ स्थानीय लोग निर्माण कार्य में बाधा डाल रहे हैं। इससे पैदल रास्ते को सुरक्षित बनाने की योजना पूरी नहीं हो पा रही है।
पंचायत के अनुसार, चार नवंबर को राजस्व विभाग की टीम ने खसरा नंबर 1152, 1027 और 1159 सहित संबंधित जमीन की निशानदेही की थी। पंचायत का दावा है कि जांच में रास्ता सरकारी भूमि पर पाया गया और मौके पर निशानदेही भी की गई।पंचायत ने प्रशासन से रास्ते में बाधा डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने और एनएचएआई को शेष छह सीढ़ियों का निर्माण जल्द पूरा करवाने के निर्देश देने की मांग की है।
