शिमला, संजू। महान स्वतंत्रता सेनानी और पंजाब केसरी के नाम से विख्यात लाला लाजपत राय की पुण्यतिथि पर मंगलवार को शिमला में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्कैंडल पॉइंट स्थित उनकी प्रतिमा पर जिला प्रशासन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में नगर निगम शिमला की डिप्टी मेयर उमा कौशल सहित प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने लाला लाजपत राय के स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन देशभक्ति, संघर्ष और बलिदान की मिसाल है। बाल गंगाधर तिलक और बिपिन चंद्र पाल के साथ उनकी जोड़ी ‘लाल-बाल-पाल’ के नाम से प्रसिद्ध थी। उन्होंने अंग्रेजी शासन के खिलाफ जनआंदोलन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा शिक्षा, लेखन और समाज सुधार के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। पंजाब नेशनल बैंक की स्थापना में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी।डिप्टी मेयर उमा कौशल ने कहा कि लाला लाजपत राय की शहादत भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का अविस्मरणीय अध्याय है। वर्ष 1928 में साइमन कमीशन के विरोध में 30 अक्टूबर को लाहौर में आयोजित प्रदर्शन के दौरान उन्होंने नेतृत्व किया था। अंग्रेज पुलिस के लाठीचार्ज में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। चोटों के कारण 17 नवंबर 1928 को उनका निधन हो गया।उन्होंने कहा कि लाला लाजपत राय का बलिदान देशवासियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा। उनका संघर्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को देशहित में कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा।
