पेंशनर्स का सरकार के खिलाफ हल्ला बोल, 19 नवंबर को धर्मशाला में विधानसभा का करेंगे घेरा
हमीरपुर,अरविंद । हिमाचल प्रदेश के सेवानिवृत कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर शुरू हुआ आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। अपनी देनदारियों और वित्तीय लाभों का भुगतान न होने से नाराज पेंशनर्स का धरना प्रदर्शन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। जिला मुख्यालय हमीरपुर के गांधी चौक पर सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक सेवानिवृत कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की।मंगलवार को हिमाचल प्रदेश सेवानिवृत पुलिस कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी धरने में भाग लेकर आंदोलन को समर्थन दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पिछले करीब 10 वर्षों से उनकी जायज मांगें लंबित हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्हें केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं।
एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव लवकेश ने कहा कि 1 जनवरी 2016 से वर्ष 2022 तक सेवानिवृत हुए कर्मचारियों के सभी लंबित वित्तीय लाभ और बकाया राशि जल्द जारी की जाए। उन्होंने बताया कि 19 नवंबर को धर्मशाला में प्रदेशभर के सेवानिवृत कर्मचारी विधानसभा का घेराव करेंगे।पेंशनर्स ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर भुगतान नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। सरकार बातचीत कर समाधान निकालती है तो धरना समाप्त किया जा सकता है, अन्यथा आगामी रणनीति बनाई जाएगी।

