चिंतपूर्णी, विकास। भरवाईं बाजार में अवंतिका होंडा मोटर एजेंसी के समीप एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने सड़क पर घूम रहे बेसहारा सांड को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सांड की एक टांग का निचला हिस्सा कटकर अलग हो गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घायल सांड सड़क किनारे दर्द से तड़पता रहा।घटना की सूचना मिलते ही पूर्व वार्ड पंच वीरेंद्र कुमार स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और पशुपालन विभाग के चिकित्सकों को सूचित किया। इसके बाद 10 से 15 ग्रामीणों ने एकजुट होकर घायल सांड को संभाला। चिकित्सकों ने मौके पर ही प्राथमिक उपचार करते हुए उसकी टांग पर पट्टी की और आवश्यक टीके लगाए।
सांड की गंभीर हालत को देखते हुए वीरेंद्र कुमार ने मंदिर अधिकारी और एसडीएम से फोन पर संपर्क कर मदद मांगी। प्रशासन और मंदिर न्यास ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल पशु को गौशाला पहुंचाने के लिए वाहन उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।
इसके बाद आपदा मित्र टीम के सदस्य प्रबल कुमार और स्थानीय युवाओं ने मिलकर घायल सांड को सावधानीपूर्वक वाहन में लादा और आगामी उपचार व देखरेख के लिए गौशाला पहुंचाया।इस मानवीय पहल में ग्रामीणों, प्रशासन, मंदिर न्यास और आपदा मित्रों की सराहनीय भूमिका रही। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बाजार क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने, नियमित निगरानी बढ़ाने और बेसहारा पशुओं की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है।
