चिंतपूर्णी, विकास-: प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी में आने वाले श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। भरवाईं से चिंतपूर्णी तक करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण परियोजना को अमलीजामा पहनाया जाएगा। परियोजना का काम शुरू करने से पहले मंगलवार को एनआईटी हमीरपुर के विशेषज्ञों ने पूरे मार्ग का दौरा कर इसकी व्यवहारिकता का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान एनआईटी हमीरपुर के आर्किटेक्ट प्रोफेसर अनिकेत शर्मा और प्रोफेसर डॉ. हेमंत ने प्रस्तावित निर्माण स्थलों का बारीकी से जायजा लिया। विशेषज्ञों ने जमीन की उपलब्धता, निर्माण कार्य की संभावनाओं और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की। इस मौके पर एसडीओ राकेश जसवाल, जेई विशाल और लोक निर्माण विभाग की जेई नेहा धीमान सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
अधिकारियों के अनुसार, निरीक्षण के आधार पर अब परियोजना की फाइनल ड्राइंग और लेआउट तैयार किया जाएगा। इसके बाद दिल्ली-एनसीआर मुख्यालय वाली इनोवेटिव्यू टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी निर्माण कार्य शुरू करेगी। इस कंपनी को परियोजना का टेंडर पहले ही आवंटित किया जा चुका है।योजना के तहत भरवाईं के मुख्य प्रवेशद्वार से चिंतपूर्णी तक विभिन्न स्थानों को आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। भरवाईं चौक स्थित बलिदानी अमोल कालिया स्मृति द्वार का भी नवीनीकरण किया जाएगा। पूरे मार्ग पर सजावटी लाइटें लगाने, दीवारों पर आकर्षक वॉल पेंटिंग करवाने और श्रद्धालुओं के बैठने के लिए जगह-जगह बेंच स्थापित करने का प्रस्ताव है।इस परियोजना के पूरा होने से चिंतपूर्णी आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ क्षेत्र की सुंदरता भी बढ़ेगी।
