घुमारवीं-: नगर नियोजन, आवास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और सरकारी शिक्षण संस्थानों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी निजी स्कूलों के समान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्रदान करना है।
पंचायत में सड़क सुधार पर 40 लाख और डिस्पेंसरी के जीर्णोद्धार पर खर्च हो रहे 7.50 लाख रुपये
राजेश धर्माणी मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मरहाणा के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए जा रहे हैं। सरकारी स्कूलों को सीबीएसई पैटर्न पर विकसित करने, पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू करने, नैतिक शिक्षा को पाठ्यक्रम में शामिल करने और शैक्षणिक सत्र में 210 दिन पढ़ाई सुनिश्चित करने जैसे निर्णय इसी दिशा में उठाए गए कदम हैं।उन्होंने बताया कि प्रदेश में राजीव गांधी मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही 850 से अधिक शिक्षण संस्थानों को इंस्टीट्यूशंस ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन संस्थानों में स्मार्ट क्लासरूम और आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए शिक्षकों की नियमित भर्ती के साथ-साथ उनके प्रशिक्षण पर भी ध्यान दिया जा रहा है। शिक्षकों को सिंगापुर जैसे देशों में एक्सपोजर विजिट पर भेजकर आधुनिक शिक्षण तकनीकों से परिचित करवाया जा रहा है। वहीं, विद्या समीक्षा केंद्र के माध्यम से स्कूलों की गतिविधियों की रियल-टाइम निगरानी की जा रही है, जिससे शैक्षणिक संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित हो सके।
मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान देना पर्याप्त नहीं है। उनमें रचनात्मकता, तार्किक क्षमता, नवाचार और समस्याओं का समाधान करने का कौशल विकसित करना भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से स्कूलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और रोबोटिक्स जैसे आधुनिक विषयों को शामिल करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।इस अवसर पर उन्होंने स्कूल में विभिन्न विकास कार्यों और विद्यार्थियों की सुविधाओं के विस्तार के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि खेल प्रतियोगिताओं के दौरान रोशनी की समस्या को देखते हुए स्कूल को चार सोलर लाइट उपलब्ध करवाई गई हैं, जिन्हें स्थापित कर दिया गया है। स्कूल के शौचालयों के सुधारीकरण के लिए भी संबंधित विभाग को एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
मरहाणा में सड़क सुधार और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान
मंत्री ने कहा कि मरहाणा पंचायत में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग के माध्यम से पंचायत क्षेत्र में सड़कों के रखरखाव और सुधार पर करीब 40 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इसके तहत डंगों का निर्माण, संवेदनशील स्थानों पर पेवर ब्लॉक लगाने और सड़क के अधिकांश हिस्से में नालियों का निर्माण करवाया गया है। सड़क पर हाल ही में पैचवर्क का कार्य भी पूरा किया गया है।
उन्होंने बताया कि मरहाणा स्थित डिस्पेंसरी भवन के जीर्णोद्धार और सुधार पर लगभग 7.50 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं और अब केवल दरवाजे लगाने का कार्य शेष है।इसके अलावा मरहाणा की दलित बस्ती में संपर्क मार्ग को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लोक निर्माण विभाग को 10 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इस मार्ग पर पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे और औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
इससे पहले विद्यालय की प्रधानाचार्य सीमा शर्मा ने मुख्य अतिथि का शॉल, टोपी और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए स्कूल की सालभर की उपलब्धियों और गतिविधियों की जानकारी दी। समारोह में शिक्षा, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में उच्च शिक्षा निदेशक नरेश चंदेल, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरला चौहान, बीडीसी अध्यक्ष उषा चौहान, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष राजेश कुमार, ग्राम पंचायत मरहाणा की प्रधान शिल्पा ठाकुर, ग्राम पंचायत कुठेड़ा मरहाणा की प्रधान नीलम शर्मा, पंचायत उपप्रधान अशोक ठाकुर, बीडीसी सदस्य नीलम कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, अभिभावक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

