Summer express/मंडी/धर्मवीर-:धर्मपुर में पत्थरों के लालच में पहाड़ों की अवैज्ञानिक कटिंग का खामियाजा अब आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। ताजा मामला मंडी जिला के धर्मपुर क्षेत्र के कुम्हारड़ा गांव से सामने आया है, जहां सड़क निर्माण कंपनी की कथित लापरवाही के चलते एक परिवार का आशियाना उजड़ गया। आरोप है कि कंपनी ने मकान के समीप पहाड़ की कटिंग तो कर दी, लेकिन सुरक्षा के लिए डंगा लगाने में डेढ़ महीने तक कोई कदम नहीं उठाया। अब जब कंपनी ने डंगा लगाने के लिए नींव की खुदाई शुरू की तो मकान में दरारें आ गईं और उसका एक हिस्सा ढहकर सड़क पर जा गिरा। घटना के बाद परिवार बेघर होने की कगार पर पहुंच गया है।
सड़कों के निर्माण में लापरवाही बनी मुसीबत
कहते हैं कि सड़कें किसी भी देश की विकास की जीवनरेखा होती हैं। ये गांवों को शहरों से जोड़ने के साथ ही विकास और तरक्की के नए रास्ते खोलती हैं। लेकिन जब सड़क निर्माण के दौरान बरती जाने वाली लापरवाही लोगों की जान-माल और आशियानों के लिए खतरा बनने लगे तो विकास के इन दावों पर सवाल उठना लाजिमी है। हिमाचल प्रदेश में इन दिनों राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इस बीच निर्माण कंपनियों और ठेकेदारों पर पहाड़ों की अवैज्ञानिक तरीके से कटिंग करने के आरोप लग रहे हैं।स्थानीय लोगों का आरोप है कि जालंधर-मंडी वाया कोटली मार्ग के निर्माण के दौरान पिछले चार वर्षों से धर्मपुर क्षेत्र में भी मनमाने ढंग से कटिंग की जा रही है। लोगों का दावा है कि पत्थरों के लालच में पहाड़ों को बेतरतीब तरीके से काटा जा रहा है और निकाले गए पत्थरों को निजी मुनाफे के लिए बेचा जा रहा है। धर्मपुर क्षेत्र में ऐसे करीब 200 मामले सामने आने की बात कही जा रही है, जिनमें लोग अवैज्ञानिक कटिंग के कारण परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
डेढ़ महीने तक नहीं लगाया सुरक्षा डंगा
ताजा मामला कुम्हारड़ा गांव का है। यहां 55 वर्षीय शारदा देवी के घर के ठीक सामने कंपनी ने पहाड़ की कटिंग की थी। स्थानीय लोगों के अनुसार कटिंग के बाद सुरक्षा के लिहाज से डंगा लगाया जाना जरूरी था, लेकिन कंपनी और ठेकेदार ने इस दिशा में समय रहते कदम नहीं उठाया। करीब डेढ़ महीने तक डंगा लगाने का काम शुरू नहीं हुआ। परिवार की ओर से लगातार दबाव बनाए जाने के बाद दो दिन पहले जब कंपनी ने डंगा लगाने के लिए नींव की खुदाई शुरू की तो मकान में दरारें पड़ गईं। देखते ही देखते घर का एक हिस्सा ढहकर सड़क पर जा गिरा।
इस घटना ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। शारदा देवी अपनी बहू के साथ इसी मकान में रहती थीं, जबकि उनका बेटा आशीष कुमार भारतीय सेना में सेवाएं दे रहा है। संयोग से आशीष इन दिनों एक महीने की छुट्टी पर घर आया हुआ है। परिवार ने मीडिया के माध्यम से प्रशासन और संबंधित कंपनी से जल्द मुआवजा देने की मांग उठाई है, ताकि दोबारा अपना आशियाना बना सके।
पत्थरों के लालच में कटिंग करने के आरोप
क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण में लगी कंपनियां और ठेकेदार पत्थरों के लालच में पहाड़ों की मनमाने तरीके से कटिंग कर रहे हैं। आरोप है कि कटिंग से निकलने वाले पत्थरों को निजी तौर पर बेचकर मुनाफा कमाया जा रहा है। प्रभावित परिवार की परिजन स्नेह पुष्पा ने कंपनी पर गैरकानूनी तरीके से ब्लास्टिंग करने के आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से स्थानीय लोगों के घरों और जान-माल पर खतरा मंडरा रहा है।
194 मामलों के बाद विधायक को देना पड़ा धरना
उधर, कंपनी और ठेकेदारों की कथित मनमानी से नाराज धर्मपुर के कांग्रेस विधायक चंद्रशेखर ठाकुर भी प्रभावित परिवार के समर्थन में धरने पर बैठ गए हैं। विधायक ने प्रभावित परिवार को आश्वासन दिया है कि जब तक उनका स्थायी ठिकाना नहीं बन जाता, तब तक कंपनी की ओर से उन्हें हर महीने किराया उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके अलावा मुआवजे के मामले को कमेटी के समक्ष भेजने का निर्णय लिया गया है।विधायक चंद्रशेखर ठाकुर के अनुसार धर्मपुर और आसपास के क्षेत्रों में निर्माण कंपनी की लापरवाही से जुड़े अब तक 194 मामले सामने आ चुके हैं। इन सभी मामलों को गठित कमेटी के माध्यम से संज्ञान में लिया जा रहा है। साथ ही प्रभावित परिवारों को राहत दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।फिलहाल, कुम्हारड़ा की शारदा देवी का परिवार अपने ही घर के क्षतिग्रस्त होने के कारण मुश्किल दौर से गुजर रहा है। अब देखना होगा कि कंपनी की ओर से मासिक किराये और मुआवजे का आश्वासन कितनी जल्दी जमीन पर उतरता है और क्षेत्र के अन्य प्रभावित परिवारों को कब तक राहत मिलती है।

