Summer express/हमीरपुर, अरविंद। प्रदेश सरकार के चार साल का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में 11 दिसंबर को सुजानपुर के ऐतिहासिक चौगान मैदान में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर गुरुवार को उपायुक्त गंधर्व राठौर की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था, लोगों की आवाजाही, सुरक्षा प्रबंधन और सांस्कृतिक गतिविधियों सहित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन का प्रयास है कि समारोह में पहुंचने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रहें।उपायुक्त गंधर्व राठौर ने बताया कि कार्यक्रम बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपकर तैयारियों की रूपरेखा बनाई जा रही है। समारोह में विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
