शिमला। सरकारी विभागों और स्थानीय निधि से संचालित संस्थानों में वित्तीय पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति 27 नवंबर को शिमला में बैठक करेगी। बैठक प्रातः 11 बजे उपायुक्त कार्यालय स्थित बचत भवन में आयोजित होगी। समिति विभिन्न विभागों के वित्तीय कामकाज, लेखा अभिलेखों और लंबित ऑडिट आपत्तियों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेगी। यह जानकारी उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने दी।
उपायुक्त ने बताया कि बैठक में जिला शिमला के अंतर्गत आने वाले विभिन्न विभागों एवं स्थानीय निधि से संबंधित संस्थानों के लेखा परीक्षण प्रतिवेदनों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। हिमाचल प्रदेश राज्य लेखा परीक्षा विभाग द्वारा किए गए ऑडिट के आधार पर संबंधित संस्थानों के पिछले तीन वित्तीय वर्षों के आय-व्यय, कार्यप्रणाली और वित्तीय एवं भौतिक प्रगति का आकलन किया जाएगा।
ऑडिट आपत्तियों पर होगी जवाबदेही तय
बैठक में लंबे समय से लंबित ऑडिट पैरों और उनके निस्तारण के लिए संबंधित विभागों द्वारा उठाए गए कदमों की समीक्षा विशेष प्राथमिकता रहेगी। समिति यह भी देखेगी कि ऑडिट में सामने आई वित्तीय अनियमितताओं एवं प्रक्रियागत कमियों को दूर करने के लिए क्या कार्रवाई की गई है। संबंधित विभागों की अनुपालना रिपोर्ट का परीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने पर जोर दिया जाएगा।लोक निर्माण विभाग, पंचायती राज विभाग और अन्य संबंधित संस्थानों के आंतरिक लेखा परीक्षण प्रतिवेदनों में दर्ज आपत्तियों को भी समिति के समक्ष रखा जाएगा। इसका उद्देश्य वित्तीय अनियमितताओं पर रोक लगाने के साथ-साथ सरकारी धन के उपयोग में निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करना है।
अधिकारियों को पूरी तैयारी के साथ पहुंचने के निर्देश
बैठक में जिला शिमला के सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने विभागों से संबंधित लंबित ऑडिट आपत्तियों, उन पर की गई कार्रवाई और अनुपालना रिपोर्ट का नवीनतम विवरण तैयार रखें, ताकि समिति के समक्ष तथ्यों सहित स्थिति प्रस्तुत की जा सके।इसके अतिरिक्त शिमला स्थित मेडिकल कॉलेज, डेंटल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज के छात्र निधि (स्टूडेंट फंड) का भी विशेष ऑडिट संबंधी परीक्षण किया जाएगा। इसके तहत पिछले तीन वर्षों में छात्र निधि में जमा कुल राशि और विभिन्न मदों में किए गए खर्च का अलग-अलग विवरण प्रस्तुत करना होगा।
वित्तीय अनुशासन मजबूत करने पर रहेगा जोर
समिति के शिमला प्रवास के दौरान बैठक की व्यवस्थाओं, आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता और विभागीय समन्वय को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। समिति के सदस्यों तथा विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।हिमाचल प्रदेश विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति के सभापति संजय रत्न बैठक की अध्यक्षता करेंगे। समिति के सदस्यों में डॉ. हंस राज, सतपाल सिंह सत्ती, इन्द्र दत्त लखनपाल, राकेश जम्वाल, संजय जम्वाल, संजय अवस्थी, मलेंद्र राजन, कुलदीप सिंह राठौर तथा विवेक शर्मा (विक्कू) शामिल हैं।बैठक के माध्यम से सरकारी संस्थानों में वित्तीय प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने, सार्वजनिक धन के उचित उपयोग और लंबित लेखा आपत्तियों के समयबद्ध निस्तारण की दिशा में ठोस कदम उठाने पर बल दिया जाएगा।
