देहरा, गुलशन धनोहा। एनएच-503 मुबारकपुर-रानीताल मार्ग पर ढलियारा के खतरनाक मोड़ एक बार फिर सड़क हादसे का कारण बन गए। देर रात एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे के समय वाहन में तीन लोग सवार थे। दुर्घटना में एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए देहरा अस्पताल पहुंचाया गया।जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब 12 से 1 बजे के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि कार ढलियारा के तीखे मोड़ों से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार सीधे सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि पेड़ से टकराने के बाद कार वहीं रुक गई। यदि वाहन पेड़ से नहीं टकराता तो वह सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर सकता था, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका थी।दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।गौरतलब है कि ढलियारा के तीखे मोड़ों पर पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग पर वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। रात के समय तेज रफ्तार और मोड़ों पर लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

