चिंतपूर्णी, विकास। भारत के स्टार पैरा एथलीट एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाले निषाद कुमार रविवार को प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी के दरबार पहुंचे। यहां उन्होंने परिवार सहित मां के चरणों में शीश नवाया और आगामी खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन के लिए आशीर्वाद मांगा।
दर्शन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए निषाद कुमार ने बताया कि हाल ही में एशियन गेम्स में दो स्वर्ण पदक जीतने के बाद वे माता रानी का आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि मां चिंतपूर्णी के दरबार में आकर उन्हें हमेशा सुकून और सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति होती है।उन्होंने कहा कि मंदिर आने में भले ही कुछ समय लग गया, लेकिन माता जब बुलाती हैं, तभी भक्त उनके दरबार पहुंच पाते हैं। इस बार माता के बुलावे पर वे पूरे परिवार के साथ दर्शन करने आए हैं।निषाद कुमार ने मां से प्रार्थना की कि आने वाले समय में भी वे खेलों में देश के लिए बेहतर प्रदर्शन कर सकें और नई उपलब्धियां हासिल करें। इसके साथ ही उन्होंने अपने परिवार सहित समस्त देशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना की।इस दौरान उन्होंने मंदिर प्रशासन एवं पूरी टीम का सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को जय माता दी कहते हुए नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और मां चिंतपूर्णी से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।

