ऊना :राकेश (TSN)- ऊना में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने एक झोलाछाप डॉक्टर के ठिकानों से प्रतिबंधित दावों का भारी जखीरा बरामद किया है । आरोपी डॉक्टर पिछले कई साल से ऊना जिले के मदनपुर में रहकर अपनी एक दुकान चलाता था । जहां वह स्थानीय भोले भाले लोगों को डॉक्टर के तौर पर दवाई देता था । आरोपी डॉक्टर इसके साथ-साथ यहां प्राइमरी स्कूल का संचालन भी किया करता था ।
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने आरोपी के कई स्थानों पर की रेड
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने आरोपी डॉक्टर के ठिकाने पर जब दबिश दी,तो वहां आस पास काफी मात्रा में प्रतिबंधित दवाओं का जखीरा मिला । पुलिस को यह भी पता चला कि उसने प्रतिबंधित दवाईयों की जखीरा को अन्य कई ठिकानों पर जलाने का प्रयास भी किया । इसके बाद पुलिस ने जलाई गई दवाओं के ठिकानों पर भी रेड डाली और जली हुई दवाओं का भारी मात्रा में जखीरा भी बरामद किया,जबकि एक बंद स्टोर का पुलिस ने पता लगाया जिसे पुलिस द्वारा ताला तोड़कर खोला गया । हालांकि आरोपी डॉक्टर पुलिस की रेड से पहले ही फरार हो चुका था । जिसकी तलाश पुलिस कर रही है । फिलहाल पुलिस द्वारा आरोपी डॉक्टर के परिवार से भी पूछताछ की जा रही है । पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि प्रतिबंधित दवाओं के निर्माण और उसके संचालन में यह आरोपी डॉक्टर अकेला ही था या एक गिरोह के तौर पर यह कार्य किया जा रहा था ।
वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी बरामद दवाओं के जखीरे में भारी मात्रा में प्रतिबंधित दावों के होने की पुष्टि की है । स्वास्थ्य विभाग की टीम फिलहाल यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इसमें किन-किन ब्रांड का झूठा प्रयोग किया जा रहा था। स्वास्थ्य विभाग ने आरोपी डॉक्टर द्वारा प्रतिबंधित दवाओं में बड़े ब्रांड के नाम को भी गैर कानूनी रूप से शामिल किए जाने की संभावना से भी इंकार नहीं किया है ।
