भावना शर्मा,शिमला: प्रदेश में आई आपदा के चलते करोड़ों का नुकसान हुआ हैं। आपदा में लोग कुछ सहयोग कर सके जिससे आपदा पीड़ितों को राहत पहुंचाई जा सके इसके लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की ओर से आपदा राहत कोष का गठन किया गया हैं। लोग अपनी सामर्थ्य के अनुसार इस आपदा राहत कोष में अंशदान दे रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को राधा स्वामी सत्संग व्यास की ओर से 2 करोड़ रुपये का चेक आपदा राहत कोष में भेंट किया गया हैं।
राधा स्वामी सत्संग व्यास के प्रतिनिधियों एवीएम (सेवानिवृत्त) डी.एस. गुरम और क्षेत्रीय सचिव सुनील तलवार ने मुख्यमंत्री से मुलाक़ात कर राहत कोष के लिए 2 करोड़ रुपये का चेक उन्हें भेंट किया।
मुख्यमंत्री ने अंशदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में इस तरह के योगदान पीड़ितों की मदद के लिए सहायक सिद्ध होंगे। इस अवसर पर डी.एस. गुरम ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में राधा स्वामी सत्संग व्यास प्रदेश के लोगों और राज्य सरकार को हरसंभव सहयोग प्रदान करने के लिए तैयार हैं
