नूरपुर, संजीव- पवित्र अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा के उद्देश्य से बाबा बर्फानी सेवा दल का सेवादारों का जत्था नूरपुर-जवाली क्षेत्र से मुख्य शाखा फगवाड़ा के सहयोग से आधार शिविर पहलगाम के लिए रवाना हुआ। यह दल यात्रा मार्ग पर आयोजित किए जाने वाले 18वें विशाल भंडारे की तैयारियों में भाग लेकर यात्रियों को भोजन, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
रवाना होने से पहले आयोजित कार्यक्रम में सेवा दल के सदस्यों ने बाबा बर्फानी का स्मरण करते हुए अमरनाथ यात्रा के सफल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित संचालन की कामना की। साथ ही देश में सुख, शांति और समृद्धि के लिए भी प्रार्थना की गई।इस अवसर पर सेवा दल के चेयरमैन सचिन अरोड़ा ने कहा कि अमरनाथ यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की निस्वार्थ सेवा करना संगठन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी सेवा दल पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ भंडारे का आयोजन करेगा, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।कार्यक्रम में कैशियर कृष्ण शर्मा, विपन मदान, रघु महाजन, रविंद्र काकू, विजय, मुकेश, राकेश, बंटी सहित अन्य सेवादार भी उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने सेवा भावना के साथ यात्रा में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया और विश्वास जताया कि इस वर्ष भी हजारों श्रद्धालुओं को भंडारे के माध्यम से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
