ऊना, राकेश-। राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धर्मसाल महंता में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से मुख्य अतिथि का गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस दौरान विधायक ने स्कूल के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए 2 करोड़ रुपये भवन निर्माण तथा 15 लाख रुपये खेल मैदान के विकास के लिए देने की घोषणा की।समारोह में विद्यालय की शैक्षणिक, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में हासिल उपलब्धियों को प्रस्तुत किया गया। विद्यालय के लिए यह गौरव का विषय है कि 1 अप्रैल 2026 से इसे केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE), नई दिल्ली से मान्यता प्राप्त हो गई है।
शैक्षणिक उपलब्धियों की बात करें तो इस वर्ष जमा दो का परीक्षा परिणाम 95.77 प्रतिशत रहा। परीक्षा में शामिल 71 विद्यार्थियों में से 23 ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की मेरिट सूची में स्थान हासिल किया। वहीं, दसवीं कक्षा का परिणाम 87 प्रतिशत रहा। टेलीकॉम विषय में जमा दो के चार और दसवीं के दो विद्यार्थियों ने शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसके अलावा गणित विषय में दसवीं के एक विद्यार्थी ने भी 100 में से 100 अंक हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।खेल गतिविधियों में विद्यालय की अंडर-19 वॉलीबॉल टीम ने लगातार दूसरी बार विजेता ट्रॉफी जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं, शतरंज, एथलेटिक्स, मैथ्स ओलंपियाड, इसरो कार्यशाला और स्काउट एंड गाइड (अंगद दल) में भी विद्यार्थियों ने सराहनीय प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने अपने संबोधन में प्रदेश सरकार की शिक्षा संबंधी प्राथमिकताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों के परिणामस्वरूप हिमाचल प्रदेश देश में पांचवें स्थान पर पहुंचा है। समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। अंत में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई।
