राहुल चावला,धर्मशाला: आईपीएस अधिकारी अभिषेक दुल्लर ने मंगलवार को डीआईजी नार्थन रेंज का कार्यभार संभाल लिया हैं। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने मीडिया कर्मियों से बातचीत में कहा कि नार्थन रेंज के तहत जिला कांगड़ा, चंबा, ऊना और पुलिस जिला नूरपुर आते हैं। इन जिलों की सीमाएं पंजाब व जम्मू-कश्मीर से सटी होने के चलते सीमावर्ती क्षेत्र संवेदनशील हैं। नार्थन रेंज के पुलिस थानों में पेंडिंग केस को टाइम बाउंड तरीके से निपटाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं नशे पर भी प्रहार किया जाएगा और साइबर क्राइम के बढ़ते मामलों से भी निपटा जाएगा।
अभिषेक दुल्लर ने कहा कि नार्थन रेंज में श्री चिंतपूर्णी, श्री ज्वालामुखी, श्री बज्रेश्वरी और श्री चामुंडा नंदीकेश्वर धाम शक्तिपीठ आते हैं, इन शक्तिपीठों में देश के कोने-कोने से श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में उन्हें बेहतर यातायात व्यवस्था व सुरक्षित माहौल उपलब्ध करवाने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नार्थन रेंज में पुलिसिंग को बेहतर किया जाएगा।
