मंडी/परी शर्मा: मंडी में एबीवीपी कार्यकर्ता पर तोड़फोड़ के आरोप लगे हैं। सीपीआईएम के पार्टी कार्यालय में सोमवार रात तोड़फोड़ और पत्थरबाजी की है। वही मामले में अभी तक एफआईआर दर्ज ना होने पर सीपीआईएम रोष में है। सीपीआईएम ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया और जल्द एफआईआर दर्ज करने की मांग की। मंडी जिला की एबीवीपी ईकाई के कार्यकर्ताओं पर तोड़फोड़ के आरोप लगे है। ये आरोप सीपीआईएम सदर कमेटी के सचिव सुरेश सरवाल ने लगाए है।
सीपीआईएम सदर कमेटी के सचिव सुरेश कुमार सरवाल ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि गत राl सीपीआईएम के कार्यालय पर एबीवीपी के कार्यकर्ताओं द्वारा पत्थरबाजी की गई और कार्यालय को भारी मात्रा में नुकसान पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि वह उस समय खुद कार्यालय में मौजूद थे और जब वे बाहर देखने निकले तो उनके ऊपर भी डंडों और पत्थरों से हमला किया गया।
उन्होंने कहा कि उनके चिल्लाने की आवाजें जब आसपास के लोगों ने सुनी और लोग जब वहां पहुंचे तो वे लोग वहां से भाग गए। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यालय के बाहर की गई तोड़फोड़ में पार्टी के गेट कुर्सियां और बोर्ड को क्षति पहुंची है। वहीं एफआईआर दर्ज न होने पर सीपीआईएम ने आज पुलिस अधीक्षक के ऑफिस के बाहर धरना प्रर्दशन किया। सीपीआईएम ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि जल्द से जल्द एफआईआर दर्ज कर इस घटना की जांच की जाए।
