मंडी,धर्मवीर(TSN)-वल्लभ महाविद्यालय मंडी के निर्माणाधीन भवन के लिए अतिरिक्त बजट मुहैया करवाने का प्रयास किया जाएगा ताकि इस कार्य को बीना किसी रूकावट के पूरा किया जा सके।यह बात धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ने आज राजकीय वल्लभ महाविद्यालय के वार्षिक समारोह को संबोधित करते हुए कही।चंद्रशेखर ठाकुर ने कहा कि यह प्रदेश का बड़ा कालेज है और यहां की सुविधाओं पर प्रदेश सरकार विशेष ध्यान दे रही है।
युवाओं से नशे जैसी सामाजिक कुरीति से दूर रहने का किया आहवान
चंद्रशेखर ठाकुर ने मंडी जिला के लोगों को भी आश्वस्त किया कि जिला के विकास में किसी भी तरह की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और प्रदेश के मुख्यमंत्री लगातार इस दिशा में प्रयास कर रहे हैं।इस मौके पर उन्होंने युवाओं से चिट्टे जैसे घातक और जानलेवा नशे से दूर रहने की अपील भी की।उन्होंने युवाओं से आहवान किया कि वे खेलों और सामाजिक गतिविधियों की तरफ अधिक अग्रसर हों,ताकि नशे जैसी कुरीति से दूर रह सकें।
वार्षिक समारोह में कालेज के 900 मेधावियों को किया गया पुरस्कृत
वल्लभ महाविद्यालय के प्रोफसर डा.चमन ने जानकारी देते हुए बताया कि यह महाविद्यालय का 74वां वार्षिक समारोह है। महाविद्यालय में बच्चों की संख्या 6 हजार से अधिक है।वर्ष 2024-25 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 900 से अधिक बच्चों को वार्षिक समारोह के दौरान पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया है।उन्होंने पुरस्कृत सभी बच्चों को बधाई दी और कहा कि इससे दूसरे बच्चों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
