Chamba, Manjur Pathan-चुराह उपमंडल में मंगलवार को शिकायत निवारण और विभागीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) चंबा अमित मेहरा ने की। बैठक में जिले के सभी प्रमुख विभागों—लोक निर्माण, जल शक्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।बैठक के प्रारंभ में प्रत्येक विभाग द्वारा चलाए जा रहे कार्यों और योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने अपनी-अपनी विभागीय प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा यह बताया कि सरकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में क्या-क्या कार्य जारी हैं।
एडीएम अमित मेहरा ने इस दौरान सभी विभागों को स्पष्ट और कड़े निर्देश जारी किए कि सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ जमीनी स्तर तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ तभी सार्थक होगा, जब आम लोगों को समय पर सुविधाएं और सेवाएं मिलेंगी। इसलिए प्रत्येक विभाग को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना आवश्यक है।उन्होंने विभागीय अधिकारियों को विशेष रूप से यह भी निर्देश दिया कि समस्याओं के त्वरित निवारण पर प्राथमिकता दें और किसी भी शिकायत को लंबित न रखें। एडीएम मेहरा के अनुसार, सरकार की मंशा है कि उपमंडल स्तर पर नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाई जाए और जनता को बेहतर सेवाएं प्रदान की जा सकें।
आगामी बैठकों में प्रगति की समीक्षा
बैठक में एडीएम अमित मेहरा ने बताया कि सरकार ने सभी उपमंडलों और विधानसभा क्षेत्रों में विभागवार समीक्षा बैठकें आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं। इसी क्रम में चुराह में यह बैठक आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि आज जो दिशा-निर्देश विभागों को दिए गए हैं, उनके आधार पर आने वाली बैठकों में विभागीय कार्यों और योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।उन्होंने सभी अधिकारियों को आगाह किया कि अगली समीक्षा बैठक तक बेहतर और ठोस परिणाम दिखने चाहिए, क्योंकि आने वाली बैठक में कार्यवाही रिपोर्ट भी अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करनी होगी।
