विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में स्थित विश्व विख्यात शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में 17 अगस्त से आयोजित होने वाले श्रावण अष्टमी मेले की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता डीसी ऊना राघव शर्मा ने की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को श्रावण अष्टमी मेले के दौरान चिंतपूर्णी क्षेत्र को साफ सुथरा रखने के आदेश दिए।
इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों को कहा की मेले की सफलता का श्रेय मेला क्षेत्र को मेले के दौरान स्वच्छ रखने के आधार पर ही तय होता हैं। इसके अलावा उन्होंने श्रद्धालुओं को निशुल्क पानी पिलाने वाले छह काउंटरों पर श्रद्धालुओं को पिलाए जाने वाले पानी की लगातार टेस्टिंग करने के आदेश दिए और कहा कि बिना टेस्टिंग के श्रद्धालुओं को पानी ना पिलाया जाए। किसी भी तरह की चूक होने पर जिम्मेवार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा मेला क्षेत्र में लाइन में लगने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दुर्गंध ना आए इसके लिए लगातार गुलाब जल छिड़कने के आदेश दिए गए हैं।
इसके अलावा उन्होंने मीटिंग के दौरान उपस्थित परिवहन विभाग के अधिकारियों को बस के रूटों पर चिंतपूर्णी के स्थान पर माता श्री चिंतपूर्णी जी लिखने के आदेश भी जारी किए। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा की समीक्षा बैठक के दौरान मेले के लिए किए गए प्रबंधों के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली और उनको उचित दिशा निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में धारा 144 लागू रहेगी और किसी को भी लाउडस्पीकर और डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी।
