चंबा, मंजूर पठान-:मणिमहेश यात्रा को लेकर चंबा जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रा शुरू होने से पहले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए विभिन्न विभागों को जरूरी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने बताया कि यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया जारी है और प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा तथा सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है।
उपायुक्त ने कहा कि भरमौर प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर पानी, बिजली और सड़क से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को 25 अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। संबंधित विभागों को व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने और आवश्यक सुधार कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।उन्होंने बताया कि इस बार मणिमहेश यात्रा मार्ग पर संचार व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। धनछो में 4G बीएसएनएल टावर स्थापित कर दिया गया है। इससे श्रद्धालुओं, स्थानीय निवासियों और यात्रा से जुड़े कर्मचारियों को मोबाइल नेटवर्क की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।प्रशासन का कहना है कि यात्रा के दौरान सुविधाओं की उपलब्धता, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य कर रहे हैं। तैयारियों की नियमित समीक्षा भी की जा रही है।

