राहुल चावला, धर्मशाला: पूरे प्रदेश में विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए है। हर जिला में चुनाव सफलतापूर्वक हुए है लेकिन चुनाव के बाद प्रदेश की दूसरी राजधानी धर्मशाला में माहौल बिगड़ रहा है। कुछ शरारती तत्वों की ओर से धर्मशाला स्मार्ट सिटी के माहौल को बिगाड़ने का प्रयास किया गया है। धर्मशाला में पूर्व मेयर, पूर्व पार्षद व मौजूदा पार्षद के घर पर रात के करीब 1:30 से 2:30 के बीच धर्मशाला की अलग-अलग जगहों पर पथराव किया गया हैं।

इस मामले में एफआईआर भी दर्ज करवा ली गई हैं। मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद से पुलिस ने भी छानबीन शुरू कर दी हैं। गनीमत यह रही कि इस पथराव में किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोटें नहीं आई हैं और सभी लोग सुरक्षित हैं। धर्मशाला नगर निगम के पूर्व मेयर दविंद्र जग्गी ने बताया कि बीती रात करीब 1:30 पर कोतवाली बाज़ार से पार्षद नीनू शर्मा व पूर्व के जिला परिषद सदस्य हरभजन सिंह व पूर्व राज्यसभा सांसद विप्लव ठाकुर के घर पर पथराव किया गया। घर पर पथराव कर शीशे तोड़े गए हैं ओर घर में रहने वालों को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने इस मामले में संदेह व्यक्त करते हुए कहा कि इस घटना को अंजाम देने के लिए एक ही जगह से रणनीति तय की गई और दो या इससे अधिक टीमें निकली हैं। जग्गी ने बताया कि दिन के समय भी दो लोगों ने उन के घर की रेकी की थी। उन दोनों लोगों की पहचान की जा चुकी है। उन दोनों का चेहरा सीसीटीवी फुटेज में कैद हो चुका है। उन्होंने बताया कि विप्लव ठाकुर के घर पर सीसीटीवी कैमरा ना होने के कारण उस जगह पर गए लोगों की पहचान नहीं हो सकी है बाकि लोगों के चेहरे सीसीटीवी फ़ुटेज में कैद हो गए है।
उन्होंने कहा कि आज तक धर्मशाला में इस तरह की घटना कभी नहीं हुई थी ना ही इस तरह से बेझिझक होकर शरारती तत्वों ने घरों पर पत्थर बरसाए थे। उन्होंने कहा कि मामले की शिकायत पुलिस थाना में कर दी गई है और पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जिस किसी ने भी इस घटना को अंजाम दिया है उसे चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह की हरकतें किसी भी तरह से बर्दाश्त नहीं की जाएगी और धर्मशाला ओर हिमाचल को यूपी-बिहार नहीं बनने दिया जाएगा।
