संजीव महाजन, नूरपूर : प्रदेश की जनता की तरफ से इन विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी को पूर्ण बहुमत से विजेता बनाया गया है। अब कांग्रेस पार्टी प्रदेश में अपनी सरकार बनाने जा रही है। वहीं कांग्रेस पार्टी को दिए गए बहुमत पर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सुदर्शन शर्मा ने जनता का आभार जताया है। उन्होंने आम जनमानस के जनादेश को कांग्रेस के हाथों में सुरक्षित बताया।
उन्होंने कांग्रेस को जनादेश देने के लिए जनता का आभार व्यक्त करने के साथ ही प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर जनता को बधाई भी दी है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के नवनियुक्त चालीस विधायकों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं देते हुए हिमाचल में नई सरकार बनने की ख़ुशी ज़ाहिर की। उन्होंने हिमाचल की जनता के साथ किए गए तमाम वायदों को प्राथमिकता के आधार पर निभाए जाने की बात कही ।
सुदर्शन शर्मा ने कहा की वह नूरपुर के जनादेश को सहजता से स्वीकार करते है। उन्होंने कहा कि नूरपुर की जनता उज्ज्वल भविष्य के लिए कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता नूरपुर की जनता के साथ चट्टान की तरह खड़ा मिलेगा। उन्होंने कहा की हिमाचल की जनता ने बीजेपी की जनविरोधी नीतियों के विरोध में अपना यह जनादेश दिया है।
