संजु चौधरी, शिमला: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से घोषित यूजी प्रथम वर्ष के परीक्षा परिणाम को लेकर छात्रों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस परीक्षा परिणाम में अधिकतर छात्रों के फेल होने पर छात्र संगठन लगातार अपना विरोध जता रहे हैं। मंगलवार को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से एक उग्र धरना प्रदर्शन किया गया। वीसी कार्यालय के बाहर एबीवीपी के छात्रों ने अपना यहां धरना प्रदर्शन किया और ऊपर कुलपति कार्यालय का घेराव कर परिणाम को जल्द से जल्द सही करने की मांग छात्र इस प्रदर्शन के दौरान करते हुए नज़र आए।
इस दौरान छात्रों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से कुलपति कार्यालय के गेट को पहले से ही बंद कर दिया गया था और छात्रों को गेट के बाहर ही रोक लिया गया ऐसे में छात्रों ने कुलपति कार्यालय के गेट के बाहर बैठकर कुलपति के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान खुद को अनुशासित छात्र संगठन का टैग देने वाली एबीवीपी अपनी नारेबाजी में कुलपति को गाली देने वाली शब्दावली का इस्तेमाल करते हुए भी सुनाई दिए। एबीवीपी के प्रदेश महामंत्री आकाश नेगी ने कहा कि प्रदेश में 6 महीने बाद विश्वविद्यालय ने बीए, बीएससी बीकॉम प्रथम वर्ष का परिणाम निकाला हैं, जिसमें 80 फीसदी छात्र फेल हो गए है, जबकि अधिकतर छात्रों दूसरे वर्ष में दाखिला ले लिया है। ऐसे में जो छात्र फेल हुए हैं उन्हें दोबारा से प्रथम वर्ष में फिर से दाखिला लेने के लिए बोला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि परिणाम को सही करने को लेकर विश्वविद्यालय की ओर से कमेटी बनाई थी और दो दिन का समय मांगा था लेकिन आज 6 दिन हो गए कमेटी की ओर से कुछ नहीं किया गया हैं। छात्र विश्वविद्यालय के चक्कर काट रहे है। छात्रों की इसी परेशानी को देखते हुए एबीवीपी एक बार फिर से प्रदर्शन करने को लेकर मजबूर हो गई है। उन्होंने कहा कि छात्र संगठन एबीवीपी छात्रों के हितों के लिए खड़ा है और प्रदेश के कॉलेजों के साथ ही विश्वविद्यालय में प्रदर्शन किए जा रहे है। एबीवीपी ने चेताया हैं कि अगर जल्द ही परिणाम सही नहीं किए जाते है तो आने वाले समय में सड़कों पर उतर कर उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।
